Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर तेज रफ्तार अर्टिगा ने ली बुजुर्ग की जान, शौच के लिए जा...

तेज रफ्तार अर्टिगा ने ली बुजुर्ग की जान, शौच के लिए जा रहे थे सड़क पार

0

  • घटनास्थल पर ही हुई मौत, पुलिस ने आरोपी चालक को किया गिरफ्तार


जलालपुर, अम्बेडकरनगर। जैतपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 67 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक विक्रमादित्य, निवासी महमूदपुर, सुबह करीब पांच बजे शौच के लिए जलालपुर-रामगढ़ सड़क मार्ग पर स्थित प्राथमिक विद्यालय गोविंदपुर के पास जा रहे थे। तभी पश्चिम दिशा से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी भी अनियंत्रित होकर पलट गई और विक्रमादित्य की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही जैतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया गया है।

मृतक के छोटे भाई राममिलन ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि अर्टिगा गाड़ी को कुनाल सिंह, निवासी कोपा, लापरवाही पूर्वक और अत्यधिक तेज गति से चला रहा था, जिससे यह हादसा हुआ।

जैतपुर थाना अध्यक्ष वंदना अग्रहरि ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी चालक के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस हृदयविदारक घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में भी शोक की लहर व्याप्त है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version