अयोध्या। बढ़ते तापमान के बीच अयोध्या के करीब 42 प्रतिशत क्षेत्र में हीट वेव का खतरा मंडराने लगा है। स्थिति को देखते हुए नगर निगम ने ‘हीट एक्शन प्लान’ लागू कर दिया है, जिसके तहत शहर में गर्मी से बचाव के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
सिविल लाइन स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में नगर आयुक्त जैनेंद्र कुमार ने बताया कि नेचुरल रिसोर्सेज डिफेंस काउंसिल और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक हेल्थ गांधीनगर के सहयोग से यह योजना तैयार की गई है। इसका उद्देश्य स्थानीय निवासियों और अयोध्या आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को भीषण गर्मी के प्रभाव से सुरक्षित रखना है।
नगर आयुक्त ने बताया कि प्रारंभिक अध्ययन में सामने आया है कि दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे “गर्म रातों” की समस्या बढ़ रही है और इसका सीधा असर जनस्वास्थ्य पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शहर के 25 वार्डों को उच्च तापीय जोखिम वाले क्षेत्रों में चिन्हित किया गया है।
हीट एक्शन प्लान के तहत घाटों, मंदिरों और भीड़भाड़ वाले मार्गों को छायादार बनाने, कूलिंग शेल्टर, मिस्टिंग सिस्टम और सार्वजनिक स्थानों पर राहत व्यवस्था विकसित की जाएगी। इसके साथ ही हरित क्षेत्र बढ़ाने, जल निकायों के पुनरुद्धार और जलवायु अनुकूल निर्माण को बढ़ावा दिया जाएगा।
इस मौके पर अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराग जैन, नेचुरल रिसोर्स डिफेंस काउंसिल की कंट्री हेड रिटायर्ड आईएएस दीपा बगाई, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार भिटौरिया, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. आरपी सिंह, परियोजना समन्वयक सुखविंदर सिंह, उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पीसी भारती, सहायक जिला कृषि अधिकारी राहुल कुमार मिश्र, कृषि विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. सत्यव्रत सिंह, क्षेत्रीय वनाधिकारी एसपी सिंह समेत विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद थे।