Wednesday, September 9, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यागुलाबबाड़ी पार्क बनेगा अयोध्यावासियों के आकर्षण का नया केंद्र

गुलाबबाड़ी पार्क बनेगा अयोध्यावासियों के आकर्षण का नया केंद्र


◆ 98 करोड़ रुपये से हो रहा कायाकल्प, टेराकोटा फ्लोरिंग, लैंडस्केपिंग, ओपन जिम और बच्चों के खेल क्षेत्र जैसी सुविधाएं होंगी विकसित


अयोध्या ऐतिहासिक गुलाबबाड़ी पार्क को अयोध्यावासियों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बनाने की दिशा में व्यापक कायाकल्प का कार्य चल रहा है। पर्यटन विभाग और श्रीअयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद की पहल पर करीब 2.98 करोड़ रुपये की लागत से पार्क में आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। आचार्य नरेंद्र देव क्षेत्र स्थित इस ऐतिहासिक परिसर में टेराकोटा फ्लोरिंग, लैंडस्केपिंग, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, ओपन जिम, म्यूरल वॉल, स्टोन बेंच और पेयजल जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

अवध के तीसरे नवाब शुजाउददौला का मकबरा गुलाबबाड़ी चारबाग शैली में निर्मित ऐतिहासिक परिसर है। यहां कभी गुलाबों के बगीचे, फव्वारे और पानी की नहरें इसकी खूबसूरती बढ़ाते थे। पुरातत्व विभाग के संरक्षण में आने वाले इस परिसर में एएसआई की अनुमति के बाद सुंदरीकरण का कार्य आगे बढ़ाया गया है।

परियोजना के तहत पार्क में पाथवे निर्माण, बाउंड्रीवॉल की मरम्मत एवं रंगाई-पुताई, क्लैडिंग, ग्रिल पेंटिंग, हॉर्टिकल्चर और आकर्षक लाइटिंग का कार्य किया जा रहा है। लोगों के बैठने के लिए स्टोन बेंच लगाई जाएंगी। बच्चों के लिए झूले और स्लाइडर लगाए जाएंगे, जबकि युवाओं के लिए ओपन जिम की व्यवस्था होगी। पार्क के पश्चिमी हिस्से में झाड़ियों की सफाई कर उसे भी मनोरंजन एवं उपयोग के लिए विकसित किया जा रहा है।


स्थानीय लोगों को मिलेंगी मनोरंजन और स्वास्थ्य सुविधाएं


गुलाबबाड़ी पार्क के कायाकल्प से स्थानीय लोगों को मनोरंजन के साथ स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं भी मिलेंगी। मॉर्निंग वॉक करने वालों के लिए सुरक्षित पाथवे और स्वच्छ वातावरण तैयार किया जा रहा है। पार्क में पेयजल और डस्टबिन की व्यवस्था भी की जाएगी। ऐतिहासिक स्वरूप को संरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने से यह स्थान स्थानीय नागरिकों के साथ पर्यटकों के लिए भी महत्वपूर्ण आकर्षण बनेगा।


55 फीसदी कार्य पूरा


निर्माण कार्यदायी संस्था के परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि पार्क में टेराकोटा फ्लोरिंग, लैंडस्केपिंग, स्टोन बेंच और अन्य कार्यों से इसका स्वरूप काफी आकर्षक होगा। म्यूरल वॉल और पेयजल की व्यवस्था से लोगों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि अब तक करीब 55 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। गुणवत्ता के साथ कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।


इसी वर्ष पूरा होगा काम


श्रीअयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद के सीईओ एवं नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि पुरातत्व विभाग से स्वीकृति मिलने के बाद गुलाबबाड़ी पार्क के सुंदरीकरण का कार्य शुरू कराया गया है। परियोजना का कार्य इसी वर्ष पूरा करने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि बाउंड्रीवॉल की मरम्मत, रंगाई-पुताई, पाथवे, बच्चों के लिए झूले-स्लाइडर और युवाओं के लिए ओपन जिम सहित कई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कार्य पूरा होने के बाद गुलाबबाड़ी पार्क शहरवासियों के लिए आकर्षक और उपयोगी स्थल के रूप में विकसित होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments