Saturday, November 28, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यारामनगरी में डेढ़ साल की पारी के बाद विदा होंगे गौरव ग्रोवर,...

रामनगरी में डेढ़ साल की पारी के बाद विदा होंगे गौरव ग्रोवर, सतपाल अंतिल संभालेंगे कमान


दीपोत्सव से लेकर राम मंदिर के धार्मिक आयोजनों तक सुरक्षा व्यवस्था की रही बड़ी जिम्मेदारी, नए एसएसपी के सामने भीड़ प्रबंधन और कानून–व्यवस्था की होगी चुनौती


अयोध्या। उत्तर प्रदेश में 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले के तहत अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद भेजा गया है। उनके स्थान पर मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल अंतिल को अयोध्या की कमान सौंपी गई है। दोनों अधिकारियों के बीच यह जिम्मेदारियों की अदला-बदली है। डॉ. गौरव ग्रोवर ने पांच मई 2025 को अयोध्या के एसएसपी का कार्यभार संभाला था। करीब डेढ़ वर्ष तक रामनगरी की पुलिस व्यवस्था संभालने के बाद अब उनका स्थानांतरण हुआ है।


चिकित्सक से आईपीएस अधिकारी बने गौरव ग्रोवर


वर्ष 2013 बैच के आईपीएस अधिकारी डॉ. गौरव ग्रोवर मूल रूप से पंजाब के भटिंडा के रहने वाले हैं। उन्होंने एमबीबीएस की पढ़ाई की है। पुलिस सेवा में आने से पहले वह चिकित्सक थे। अयोध्या आने से पहले वह गोरखपुर और मथुरा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी संभाल चुके थे। गोरखपुर में तैनाती के दौरान फर्जी डिग्री और प्रमाणपत्रों के सहारे संचालित क्लीनिक व डायग्नोस्टिक सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई के साथ नकली सोना बेचने और फर्जी स्टांप के मामलों का भी खुलासा किया था।


police logo


अयोध्या में उनके कार्यकाल के दौरान दीपोत्सव 2025 और 2026, राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा से जुड़े आयोजन, रामनगरी के प्रमुख धार्मिक कार्यक्रमों तथा कार्तिक पूर्णिमा और पंचकोसी परिक्रमा जैसे बड़े आयोजनों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी रही। दीपोत्सव के दौरान राम की पैड़ी, सरयू घाट और रामकथा पार्क सहित प्रमुख स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात डायवर्जन, पार्किंग और निगरानी की व्यवस्था पुलिस के लिए महत्वपूर्ण चुनौती रही। उनके कार्यकाल में धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार तैयारियां और निरीक्षण भी किए गए।

उनके कार्यकाल के दौरान राम मंदिर में चढ़ावे और दान से जुड़ी चोरी का मामला भी सामने आया था। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाए जाने वाले नकद चढ़ावे को चोरी किए जाने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच और कार्रवाई की। इस प्रकरण के बाद मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के साथ आंतरिक निगरानी को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती गई।


मनोविज्ञान में परास्नातक हैं नए एसएसपी सतपाल अंतिल


अयोध्या के नए एसएसपी बनाए गए सतपाल अंतिल वर्ष 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वह मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले हैं। उन्होंने मनोविज्ञान विषय से स्नातक और परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। पुलिस सेवा में आने के बाद उनकी शुरुआती तैनाती आजमगढ़ में रही। इसके बाद मेरठ में अपर पुलिस अधीक्षक और मुजफ्फरनगर में एसपी सिटी के पद पर कार्य किया।

उन्हें पहली बार फतेहपुर में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी मिली। इसके बाद प्रतापगढ़ में एसपी के रूप में करीब तीन वर्ष तक तैनात रहे। प्रतापगढ़ में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर उनकी कार्यशैली चर्चा में रही। इसके बाद 25 जून 2024 को उन्हें मुरादाबाद का एसएसपी नियुक्त किया गया। उन्होंने 28 जून 2024 को कार्यभार ग्रहण किया था। करीब ढाई वर्ष तक मुरादाबाद की पुलिस व्यवस्था संभालने के बाद अब उन्हें अयोध्या भेजा गया है।


नए एसएसपी के सामने होंगी कई चुनौतियां


धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से अंतरराष्ट्रीय पहचान बना चुकी अयोध्या में पुलिस कप्तान की जिम्मेदारी काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है। राम मंदिर में दर्शन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन, पर्व-त्योहारों पर बढ़ने वाली भीड़, परिक्रमा और दीपोत्सव जैसे बड़े आयोजन पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण होते हैं। ऐसे में सतपाल अंतिल के सामने कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात, अपराध नियंत्रण और संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने की जिम्मेदारी होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments