Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर 25 हजार का इनामी गैंगस्टर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

25 हजार का इनामी गैंगस्टर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

0

◆ पैर में गोली लगने के बाद दबोचा गया बदमाश


अम्बेडकरनगर। जनपद की जहाँगीरगंज पुलिस, एसओजी, स्वाट और सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त पुलिस टीम ने देर रात मुठभेड़ के दौरान 25 हजार के इनामी गैंगस्टर समेत दो अंतरजनपदीय अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे घायल अवस्था में सीएचसी जहाँगीरगंज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से अवैध तमंचा, कारतूस, चापड़, छूरा और मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी डॉ. तेजबीर सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी आलापुर प्रदीप सिंह चंदेल के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना जहाँगीरगंज पुलिस, एसओजी, स्वाट व सर्विलांस टीम शुक्रवार देर रात तिलकटांडा क्षेत्र में चेकिंग और गश्त कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ शातिर अपराधी अवैध हथियारों के साथ किसी बड़ी वारदात की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी शुरू कर दी। रात लगभग साढे 12 बजे बाइक सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान दबोच लिया।
पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम अशोक लोना पुत्र बच्चू लाल लोना निवासी हथिनाराज थाना आलापुर बताया। पुलिस के मुताबिक अशोक गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित चल रहा था और उस पर 25 हजार का इनाम घोषित था। वहीं दूसरे आरोपी की पहचान मुकेश लोना पुत्र राजू निवासी मसड़ा थाना बसखारी के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक चापड़, एक छूरा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। इस मामले में थाना जहाँगीरगंज में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अशोक लोना का आपराधिक इतिहास भी गंभीर है। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version