अयोध्या। थाना पूराकलंदर और स्वाट/सर्विलांस टीम ने सोमवार को ऐसे अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया है, जो एटीएम में फेवीक्विक लगाकर लोगों के कार्ड बदलने और उनके खातों से पैसे निकालने की वारदात को अंजाम देता था। गिरोह के पांच सदस्यों को शिवदासपुर चौराहे के पास से गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में दीपक कुमार, अनीस कुमार, अभिमन्यु, मुनचुन कुमार और गुलशन कुमार शामिल हैं, सभी बिहार के नेमदारगंज जिला नवादा के रहने वाले हैं। इनके पास से एक स्विफ्ट कार, 10 मोबाइल फोन, 22 फेवीक्विक ट्यूब, एक चाकू और ₹15,700 नकद बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, ये लोग पहले एटीएम की बटन में फेवीक्विक लगा देते थे, जिससे उपभोक्ता पैसा नहीं निकाल पाता था। फिर पीछे से उसका पिन देख लेते और कार्ड बदलकर पैसा निकाल लेते थे। शॉपिंग मॉल्स में खरीदारी कर खाते से भुगतान कर देते थे। एक मामले में उन्होंने एक पीड़ित के खाते से 2.30 लाख रुपये निकाल लिए थे।
इसके अलावा आरोपी राहगीरों को लिफ्ट देने के बहाने गाड़ी में बैठाकर मोबाइल, जेवर और नकदी लूट लेते थे। गिरोह ने फैजाबाद, प्रयागराज और अन्य शहरों में कई वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस ने इनके खिलाफ लूट व धोखाधड़ी के कई मुकदमे दर्ज किए हैं और अन्य फरार साथियों की तलाश जारी है।
एसएसपी डा गौरव ग्रोवर ने बताया कि गैंग उन लोगों को निशाना बनाता था जो एटीएम चलाने में दक्ष नही होते है। आरोपियों पर बिहार में भी कई मुकदमें दर्ज है। अयोध्या में कोतवाली नगर तथा पूराकलंदर में हुई दो घटनाएं इनके द्वारा की गई थी।