✍️ मुकेश पांडेय की कलम से
(लेखक वरिष्ठ स्तंभकार व अयोध्या नगर निगम में जनसंपर्क अधिकारी हैं )
26 जून, दोपहर 2:00 बजे। नीलकंठ होटल, हरिद्वार में दोपहर का भोजन करने के बाद लगभग एक घंटे का विश्राम सभी के लिए आवश्यक था। सुबह से यात्रा की थकान शरीर पर दिखाई दे रही थी, लेकिन मन पूरी तरह उत्साह से भरा था। विश्राम समाप्त होते ही सभी साथी अपने-अपने कमरों से बाहर निकलने लगे। कोई कैमरा संभाल रहा था, कोई प्रसाद रखने के लिए थैला तैयार कर रहा था तो कोई परिवार के सदस्यों को एकत्र कर रहा था। अब हमारी अगली मंजिल थी—मां चंडी देवी और मां मनसा देवी का पावन दर्शन।
इसी बीच एक सुखद संयोग सामने आया। सूचना मिली कि गोंडा निवासी एवं हरिद्वार के प्रतिष्ठित उद्योगपति श्री विकास तिवारी जी यह जानकर होटल पहुंचे हैं कि उनके पूज्य गुरु, तिवारी मंदिर के महंत श्रद्धेय महंत गिरीशपति त्रिपाठी जी अपने परिवार एवं साथियों के साथ हरिद्वार दर्शन के लिए पधारे हैं। होटल पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले चरण स्पर्श कर गुरुजी आशीर्वाद लिया। गुरु-शिष्य का यह आत्मीय मिलन सभी के लिए भावुक क्षण था।
कुछ देर चर्चा के बाद विकास जी ने पूरी यात्रा को व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने की जिम्मेदारी अपने हाथ में ले ली। स्थानीय होने के कारण उन्हें हरिद्वार के मार्ग, भीड़ और समय की पूरी जानकारी थी। उन्होंने सुझाव दिया कि पहले मां चंडी देवी के दर्शन किए जाएं। उनका तर्क था कि मां मनसा देवी मंदिर गंगा तट के अधिक निकट है, इसलिए वहां से सायंकालीन गंगा आरती के समय हर की पैड़ी पहुंचना अधिक सुविधाजनक रहेगा। उनकी बात सभी को व्यावहारिक लगी और माननीय महापौर श्री गिरीशपति त्रिपाठी जी ने तुरंत वाहनों को चंडी देवी की ओर प्रस्थान करने का संकेत दे दिया। इसी बीच गायत्री परिवार के समर्पित कार्यकर्ता डॉ. संजीव चतुर्वेदी जी पधारे। उन्होंने पहले शांतिकुंज चलने का प्रस्ताव रखा, जिसे महापौर ने स्वीकार कर लिया।
अब हमने हरिद्वार की उस पुण्यभूमि की ओर रुख किया, जहाँ आध्यात्मिक चेतना का विश्वविख्यात केंद्र युगतीर्थ शांतिकुंज स्थित है। हम सब अपने-अपने वाहनों पर सवार होकर लगभग 20 मिनट में शांतिकुंज पंहुच गये। रास्ते भर अपनी सहज विनोदी शैली से सभी यात्रियों का मनोरंजन करने वाले राममोहन पाण्डेय शांतिकुंज की महिमा बताते रहे। उनकी बातों ने मन में ऐसी उत्सुकता जगा दी कि जैसे-जैसे हमारा वाहन शांतिकुंज के निकट पहुँचता गया, भीतर श्रद्धा और जिज्ञासा का भाव स्वतः गहराता चला गया।
चतुर्वेदी ने बताया कि हरिद्वार नगर के सप्तऋषि क्षेत्र में माँ गंगा के पावन तट और हिमालय की तराई की मनोरम छाया में स्थित शांतिकुंज केवल एक आश्रम नहीं, बल्कि विचार, साधना, सेवा और संस्कार का जीवंत केंद्र है। लगभग 40 एकड़ में विकसित यह विशाल परिसर अखिल विश्व गायत्री परिवार का वैश्विक मुख्यालय है। इसकी स्थापना वर्ष 1971 में युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य ने मानव में देवत्व के जागरण और धरती पर स्वर्ग के अवतरण के महान संकल्प के साथ की थी। आज विश्व के अनेक देशों से लाखों श्रद्धालु, साधक, शोधार्थी और पर्यटक यहाँ आध्यात्मिक प्रेरणा एवं जीवन-दर्शन प्राप्त करने आते हैं।
यहाँ मुख्य प्रवेश द्वार से भीतर प्रवेश करते ही अनुशासन, स्वच्छता, हरियाली और आध्यात्मिक ऊर्जा का ऐसा संगम दिखाई दिया, जिसने मन को तत्काल शांति से भर दिया। विशाल वृक्षों से आच्छादित परिसर, सुव्यवस्थित मार्ग, साधना में लीन श्रद्धालु और सेवा में तत्पर स्वयंसेवक यह अनुभव करा रहे थे कि यहाँ जीवन का प्रत्येक क्षण राष्ट्र और मानवता के कल्याण के लिए समर्पित है। उन्होंने बताया कि शांतिकुंज में दर्शन की परंपरा अत्यंत सरल, अनुशासित और आध्यात्मिक है। श्रद्धालु सर्वप्रथम गायत्री माता मंदिर में माँ के दर्शन करते हैं। इसके बाद पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की समाधि पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देते हैं। फिर प्रखर प्रज्ञा, सजल श्रद्धा तथा अखंड ज्योति के दर्शन कर कुछ समय ध्यान एवं आत्मचिंतन में व्यतीत करते हैं। हम लोगों ने भी इसी परंपरा का पालन किया।
गुरुदेव श्रीरामशर्मा एवं वंदनीया माताजी भगवती देवीकी समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करते समय मन अनायास ही भाव-विभोर हो उठा। समाधि के समीप खड़े होकर ऐसा लगा मानो तप, त्याग, सेवा और राष्ट्रभक्ति की दिव्य चेतना आज भी प्रत्येक आगंतुक को प्रेरित कर रही हो। उस क्षण मन में सेवा, साधना और संस्कारों के प्रति समर्पण का भाव स्वतः जागृत हो गया। इसके पश्चात हम सब को गायत्री माता मंदिर, प्रखर प्रज्ञा, सजल श्रद्धा तथा लगभग एक शताब्दी से निरंतर प्रज्ज्वलित अखंड ज्योति के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। यह अखंड ज्योति केवल एक दीप नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, ऋषि परंपरा, ज्ञान और आध्यात्मिक चेतना का अमर प्रतीक है। उसके सम्मुख कुछ क्षण मौन बैठते ही ऐसा अनुभव हुआ मानो भीतर की सारी अशांति शांत हो गई हो और मन नई ऊर्जा तथा सकारात्मक विचारों से भर उठा।
राष्ट्र निर्माण का जीवंत संदेश
