Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या राम की पैड़ी से बृहस्पति कुण्ड तक, जिलाधिकारी ने परखी तैयारियां

राम की पैड़ी से बृहस्पति कुण्ड तक, जिलाधिकारी ने परखी तैयारियां

0

◆ घाटों से अतिक्रमण तत्काल हटवाने के निर्देश


अयोध्या। रामनगरी अयोध्या दीपोत्सव से पहले सजने-संवरने की तैयारी में जुटी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने रविवार देर शाम मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह के साथ शहर के विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्होंने अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता और गति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

डीएम ने सबसे पहले टेढ़ी बाजार स्थित बृहस्पति कुण्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने गेट पर टेढ़ी लगी लाइट्स को तुरंत सही कराने, दक्षिण भारतीय कवियों की प्रतिमाओं के पेडेस्टल पर पत्थर शीघ्र लगवाने तथा सीढ़ियों की लाइट्स की टेस्टिंग कराने के निर्देश परियोजना प्रबंधक, उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम को दिए। साथ ही, कुण्ड परिसर में स्थित टॉयलेट की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया।

इसके बाद राम की पैड़ी के निर्माणाधीन कार्य का जायजा लेते हुए डीएम ने बताया कि विजिटर गैलरी, सेल्फी प्वाइंट और पर्यटन सुविधाओं के कार्यों की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी जा चुकी है। मई 2025 में शुरू हुए इन कार्यों को मई 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है। निरीक्षण के दौरान पत्थर लगाने, पाथवे, प्लेटफॉर्म और स्टोन दीया निर्माण का कार्य प्रगति पर पाया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पैड़ी की फसाड डिजाइन जल्द पूरी की जाए ताकि संपूर्ण परिसर में एकरूपता दिखे। उन्होंने सहायक नगर आयुक्त नगर निगम को राम की पैड़ी और घाटों से अतिक्रमण तत्काल हटवाने के निर्देश दिए।

डीएम फुंडे ने सरयू आरती स्थल से लक्ष्मण घाट तक पर्यटन सुविधाओं के सौंदर्यीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कार्य की समयसीमा जुलाई 2025 थी, जो अब पार हो चुकी है, अतः सभी विभाग तेजी लाएं। उन्होंने आरती स्थल पर जमा सिल्ट हटाने और केबल व लटके तारों को शीघ्र अंडरग्राउंड कराने के निर्देश दिए ताकि दीपोत्सव से पहले पूरा क्षेत्र आकर्षक व सुरक्षित दिखे।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (नगर) योगानंद पांडेय, अपर नगर आयुक्त नागेंद्र कुमार, सचिव, अयोध्या विकास प्राधिकरण हेम सिंह, परियोजना प्रबंधक आर.के. यादव, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version