अंबेडकर नगर। जिले में 17 सितम्बर से आगामी दो अक्टूबर तक स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना तथा परिवार को सशक्त बनाना है।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि अभियान के अंतर्गत सभी राजकीय स्वास्थ्य केंद्रों — हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला चिकित्सालय सहित स्वैच्छिक निजी चिकित्सालयों — पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श, टीकाकरण, पोषण संबंधी जानकारी और आयुष्मान कार्ड वितरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने जिले की सभी माताओं, बहनों, बेटियों और बच्चों से अपील की कि वे पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न चार बजे के बीच नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि इन शिविरों में नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और सशक्त समाज का निर्माण करती है। यदि नारी स्वस्थ रहेगी तो समाज और देश स्वतः स्वस्थ और सशक्त बनेंगे।