अयोध्या। फेसबुक पर विज्ञापन के जरिए ट्रैक्टर बेचने और सस्ते दाम में नया ट्रैक्टर दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। मामले में थाना इनायतनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, थाना इनायतनगर क्षेत्र के उछाहपाली गांव निवासी पीड़ित ने फेसबुक पर पुराने ट्रैक्टर को बेचने और नया ट्रैक्टर खरीदने से संबंधित एक विज्ञापन दिया था। इसी विज्ञापन को देखकर आरोपी ने पीड़ित से संपर्क किया और भरोसा दिलाया कि वह उसे बेहद कम कीमत में नया ट्रैक्टर दिला देगा।
आरोपी ने पीड़ित को एक ट्रैक्टर यार्ड में ले जाकर नया ट्रैक्टर दिखाया और जल्द डिलीवरी का आश्वासन दिया। आरोपी की बातों में आकर पीड़ित ने अपने बैंक खाते से 2 लाख 80 हजार रुपये आरोपी के खाते में ट्रांसफर कर दिए। रुपये मिलने के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और ट्रैक्टर देने से इनकार कर दिया। पीड़ित ने थाना इनायतनगर में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। मामले की जांच के दौरान इनायतनगर पुलिस और एसओजी टीम ने कार्रवाई करते हुए बाराबंकी जनपद निवासी आरोपी चंद्र प्रकाश वर्मा उर्फ गुड्डू वर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ग्रामीण बलवंत कुमार चौधरी ने बताया कि आरोपी के बैंक खाते से 90 हजार रुपये होल्ड करवा दिए हैं। शेष धनराशि के संबंध में भी जांच की जा रही है। आरोपी पर इसी प्रकार के मामले में अन्य केस दर्ज है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।