जलालपुर, अंबेडकर नगर। जैतपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जैतपुर थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव निवासी सुभाष, संगीता तथा मुकेश बाइक से आजमगढ़ जनपद के पवई थाना क्षेत्र स्थित दनियालपुर गांव में रिश्तेदारी जा रहे थे। शाम लगभग सवा सात बजे जब वे सेहरी गांव के पास पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से बुलेट मोटरसाइकिल से आ रहे भोलू पुत्र लालचंद निवासी सेहरी की बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
इस संबंध में जैतपुर थाना अध्यक्ष प्रेमचंद ने बताया कि घटना की जानकारी है, लेकिन अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।