जलालपुर, अम्बेडकरनगर। जैतपुर थाना क्षेत्र के सेहरी गांव में तमसा नदी के किनारे मिली युवक की लाश के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
उल्लेखनीय है कि बीते 15 जून को जौनपुर जनपद के सरपतहा थाना क्षेत्र के अरसिया गांव निवासी अब्दुल रवीश का शव तमसा नदी के किनारे पाया गया था। इस मामले में मृतक की पत्नी रेहाना बानो ने जैतपुर थाने में सत्यम, प्रद्युम्न, धर्मेंद्र व कुछ अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध नामजद तहरीर दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच पड़ताल के दौरान नामजद तीनों व्यक्ति निर्दोष पाए गए। आगे की गहन विवेचना में पुलिस को मृतक के साथियों की भूमिका संदिग्ध लगी। उसी क्रम में बुधवार को मालीपुर थाना क्षेत्र के सुरहुरपुर बाजार मोड़ के पास से पुलिस ने हत्या के मामले में संलिप्त चार अभियुक्तों—रवि उर्फ सुमित और राजकुमार निवासी लोरपुर थाना अखंडनगर जनपद सुल्तानपुर, बृजेश निवासी रामनगर थाना अखंडनगर जनपद सुल्तानपुर, तथा अंकुर निवासी हुसैनपुर विपहन थाना मालीपुर, अम्बेडकरनगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दिनेश चंद्र मिश्र समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। जैतपुर थाना अध्यक्ष वंदना अग्रहरि ने बताया कि मृतक के ही साथियों ने घटना को अंजाम दिया था। गिरफ्तार सभी आरोपियों को विधिक कार्यवाही के उपरांत न्यायालय भेज दिया गया।