◆ राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी ने अवध क्षेत्र के जिलाध्यक्षों व जिला प्रभारियों के साथ किया बैठक, क्षेत्रीय समिति के साथ किया मंथन
अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े शनिवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने श्रीरामलला के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। एयरपोर्ट पर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, अभय सिंह जिला पंचायत प्रशासक रोली सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व पार्टी पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

इसके बाद पार्टी पदाधिकारियों के साथ विभिन्न संगठनात्मक बैठकें कर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की। प्रदेश प्रभारी ने अवध क्षेत्र के सभी 15 सांगठनिक जिलों के जिलाध्यक्षों एवं जिला प्रभारियों के साथ बैठक की। इसके अलावा क्षेत्रीय कार्यसमिति तथा अवध क्षेत्र में निवास करने वाले प्रदेश पदाधिकारियों के साथ भी संगठनात्मक विषयों पर विचार-विमर्श किया।
जिलाध्यक्षों एवं जिला प्रभारियों की बैठक में उन्होंने विधानसभा चुनाव में जीत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए संपर्क, समन्वय और संवाद का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि पदाधिकारी टीम बनाकर प्रत्येक बूथ के संगठनात्मक, सामाजिक और राजनीतिक परिदृश्य का विश्लेषण करें। इसके आधार पर स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप चुनावी रणनीति तैयार की जाए।
उन्होंने जिला स्तर के पदाधिकारियों को मंडल एवं शक्ति केंद्र के पदाधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही बूथों पर होने वाली संगठनात्मक गतिविधियों की नियमित समीक्षा करने और उन्हें प्रभावी बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि सामाजिक सहभागिता बढ़ाते हुए लोगों की बात सुनें तथा बूथ स्तर की बैठकों में संबंधित क्षेत्र के प्रभावशाली एवं सामाजिक रूप से सक्रिय लोगों को भी आमंत्रित करें। सामाजिक समरता व सेवाकार्यों में पार्टी नेताओं की सहभागिता हो।

बैठक में अयोध्या महानगर, अयोध्या जिला, लखनऊ जिला, लखनऊ महानगर, अंबेडकरनगर, बाराबंकी, रायबरेली, उन्नाव, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती, हरदोई, सीतापुर और लखीमपुर खीरी के जिलाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी शामिल हुए।




