Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा बने राम मंदिर के पहले सीईओ

पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा बने राम मंदिर के पहले सीईओ

0

◆ ट्रस्ट की बैठक में तीन नए सदस्यों की नियुक्ति, निर्मला यादव बनीं पहली महिला ट्रस्टी


अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर के प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में बुधवार को महत्वपूर्ण निर्णय लिया। ट्रस्ट की बैठक में भारतीय वायुसेना के पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया। मंदिर के बढ़ते विस्तार, श्रद्धालुओं की संख्या और व्यवस्थाओं को देखते हुए यह नियुक्ति महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

देवरिया निवासी जितेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वह पश्चिमी वायु कमान का नेतृत्व कर चुके हैं। उनके सैन्य एवं प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए ट्रस्ट ने मंदिर की रोजमर्रा की व्यवस्थाओं को अधिक व्यवस्थित और पेशेवर बनाने के लिए उन्हें सीईओ की जिम्मेदारी सौंपी है। सीईओ के रूप में वह मंदिर के प्रशासन, सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधाओं तथा ट्रस्ट से जुड़े विभिन्न कार्यों के समन्वय और क्रियान्वयन की निगरानी करेंगे।

बैठक में ट्रस्ट के विस्तार का भी फैसला हुआ। दिल्ली के समाजसेवी महेश भागचंदका, अयोध्या के वरिष्ठ अधिवक्ता मदन मोहन पांडेय और शिकोहाबाद निवासी निर्मला यादव को नया ट्रस्टी नियुक्त किया गया। निर्मला यादव के ट्रस्ट में शामिल होने के साथ ही श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में पहली महिला सदस्य के रूप में उनका नाम जुड़ गया है।

ट्रस्ट की बैठक में अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास, कोषाध्यक्ष गोविंददेव गिरि, कार्यवाहक महासचिव कृष्ण मोहन और महंत दिनेंद्र दास समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे। मंदिर प्रबंधन में किए गए इन बदलावों को व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और अनुशासित बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version