आलापुर अंबेडकर नगर। संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत जहांगीरगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत ठेगीपुर में ग्राम प्रधान के नेतृत्व में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सफाईकर्मियों ने गांव के विभिन्न क्षेत्रों में साफ-सफाई, फागिंग तथा एंटी लार्वा दवा का छिड़काव किया, ताकि बरसात के मौसम में संक्रामक बीमारियों के फैलाव को रोका जा सके।
जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत जलभराव, गंदगी और मच्छरों के प्रजनन वाले संभावित स्थलों को चिन्हित कर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अभियान की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजकुमार राय ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत के पदुमपुर बाजार, रूपईपट्टी, ठेगीपुर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर फागिंग कराई जा रही है। इसके अलावा बरसात के कारण उगी झाड़ियों और घास की सफाई भी कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत में संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।