Friday, March 6, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरबोर्ड की तैयारी पर फोकस करें, परीक्षा में गलतियों से बचें :...

बोर्ड की तैयारी पर फोकस करें, परीक्षा में गलतियों से बचें : डीआईओएस

अंबेडकरनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटे हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों की आशंकाओं और जिज्ञासाओं का समाधान परीक्षा पर चर्चा एवं संवाद कार्यक्रम के दौरान किया गया। किसी छात्र को पढ़ा हुआ भूल जाने की चिंता थी तो कोई कम समय में बेहतर तैयारी के उपाय जानना चाहता था। विषय विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान करते हुए उपयोगी सुझाव दिए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवीण कुमार तिवारी ने कहा कि बोर्ड परीक्षा में अब मात्र 18 दिन शेष हैं, ऐसे में परीक्षार्थी तनावमुक्त होकर पूरी क्षमता के साथ तैयारी करें। ईमानदारी और लगन से की गई पढ़ाई कभी व्यर्थ नहीं जाती। सभी विषयों का नियमित रिवीजन करें और शेष समय का सदुपयोग करें। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए कोई शॉर्टकट नहीं होता, इसलिए इधर-उधर की बातों में न पड़कर सीधे पढ़ाई पर ध्यान दें।
शांति आश्रम इंटर कॉलेज सया में आयोजित परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में भीटी तहसील क्षेत्र के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इसमें अजय प्रताप इंटर कॉलेज भीटी, रामबाबा विद्या मंदिर इंटर कॉलेज रामबाबा, जीजीआईसी भीटी, ग्राम स्वावलंबी इंटर कॉलेज रनीवा, गौतम बुद्ध इंटर कॉलेज चाचिकपुर, बालिका इंटर कॉलेज भीटी समेत अन्य विद्यालयों के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी शामिल रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों ने परीक्षा में अधिक अंक प्राप्त करने के लिए उपयोगी टिप्स दिए।
डीआईओएस ने कहा कि किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए दृढ़ निश्चय और निरंतर मेहनत आवश्यक है। जब तक सपने नहीं देखे जाएंगे, तब तक लक्ष्य हासिल नहीं होगा। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा जीवन के बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की पहली सीढ़ी है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी शंकाओं को खुलकर रखा, जिनका समाधान डीआईओएस ने सरल शब्दों में किया।
कार्यक्रम का संचालन गिरीश चतुर्वेदी एवं डॉ. प्रियंका तिवारी ने किया। आयोजक विद्यालय के प्रधानाचार्य रामदयाल ने अतिथियों व प्रतिभागियों का स्वागत किया। इससे पूर्व मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर जीआईसी अकबरपुर के प्रधानाचार्य हरेंद्र प्रताप यादव, भीटी की नोडल अधिकारी रंजना, राधेश्याम तिवारी, अजय कुमार श्रीवास्तव, शाह आलम, सूर्यपाल, विपिन कुमार मौर्य, राकेश कुमार, सुजीत कुमार सहित अनेक शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments