अयोध्या। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-27 के रामसनेही घाट-अयोध्या खंड पर सड़क सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा लगभग 190 करोड़ रुपये की लागत से पांच अंडरपास बनाए जाएंगे। यह निर्माण कार्य अर्कुना, रानीमऊ, कुढ़ा सादात, भेलसर और सट्टी चौराहा सहित उन स्थानों पर किया जाएगा जिन्हें सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा ब्लैकस्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया है।
एनएचएआई के अनुसार इन स्थानों पर पूर्व में कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। अंडरपास निर्माण के बाद स्थानीय लोगों, किसानों और राहगीरों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। हाईवे पर तेज गति से चलने वाले वाहनों और स्थानीय यातायात के बीच अलग व्यवस्था होने से दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।
परियोजना निदेशक अवनीत सिद्धार्थ ने बताया कि निर्माण कार्य का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को सुरक्षित और सुचारु बनाना है। अंडरपास बनने से ग्रामीणों को खेतों तक पहुंचने तथा बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सड़क पार करने में सुविधा होगी।
एनएचएआई ने परियोजना से जुड़ी प्रारंभिक प्रक्रियाएं शुरू कर दी हैं। इसके साथ ही अयोध्या-गोरखपुर हाईवे के ब्लैकस्पॉट्स पर साइनेज, सूचना बोर्ड और चेतावनी संकेतक लगाने का कार्य भी किया जा रहा है। राम मंदिर निर्माण के बाद बढ़े यातायात को देखते हुए सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में तेजी लाई जा रही है।