अयोध्या। प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी पर्यावरणीय प्रयासों के तहत अयोध्या में पांच विशेष वन-स्थलों का निर्माण हो रहा है। ये वन स्थल जैव विविधता, स्थानीय पारिस्थितिकी और पर्यावरणीय जागरूकता के केंद्र बनेंगे। इन सभी वन स्थलों में कुल मिलाकर लगभग 24 हजार पौधे लगाए जाएंगे। 9 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामपुर हलवारा पौधरोपण करेंगें। इसी के साथ प्रदेशव्यापी वन महोत्सव की औपचारिक शुरुआत होगी। इस अवसर पर तिलोदकी गंगा के पुनरुद्धार पर 3 मिनट 43 सेकंड की एक लघु फिल्म भी दिखाई जाएगी। मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित कर पर्यावरणीय चेतना पर विचार रखेंगे।
पांच स्थानों पर तैयार हो रहे विशेष वन स्थल
एकता वनः कैंट क्षेत्र में 1 हेक्टेयर में, 2500 पौधों के साथ
अक्सी वनः रुदौली के कुढ़ासदात में 3 हेक्टेयर में, 4800 पौधे
शौर्य वनः कैंट क्षेत्र में 1 हेक्टेयर में, 2500 पौधे
गोपाल वनः नगर क्षेत्र की गोशालाओं में
त्रिवेणी वनः रामपुर हलवारा (सरयू तट) पर 8 हेक्टेयर में, 12,000 पौधे
अभियान के अंतर्गत वन विभाग को 13 लाख पौधे, और अन्य 26 विभागों को कुल 40 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। राज्य स्तर पर 37 करोड़ से अधिक पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह व्यापक अभियान जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और पर्यावरणीय असंतुलन से निपटने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
240 अमृत सरोवरों के किनारे भी होगा पौधारोपण
जिले के 240 अमृत सरोवरों के चारों ओर भी पौधारोपण किया जाएगा। इससे जल संरक्षण के साथ हरियाली और पारिस्थितिकी तंत्र को सशक्त किया जा सकेगा। वन महोत्सव में आम नागरिक, विद्यार्थी, स्वयंसेवी संगठन, स्कूल-कॉलेजों को जोड़ा जा रहा है। इससे न सिर्फ पर्यावरण के प्रति जनजागृति बढ़ेगी बल्कि भावनात्मक जुड़ाव भी सृजित होगा।
विगत वर्षवार पौधरोपण आंकड़े
2019-20ः 35.29 लाख
2020-21ः 34.71 लाख
2021-22ः 40.81 लाख
2022-23ः 41.02 लाख
2023-24ः 41.29 लाख
2024-25ः 38.12 लाख
2025-26 (लक्ष्य)ः 40.24 लाख