Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या लूट और टप्पेबाजी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार

लूट और टप्पेबाजी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार

0

◆ दो लाख पांच हजार रुपये, दो तमंचे और चार कारतूस बरामद


अयोध्या। कोतवाली नगर पुलिस ने लूट और टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक महिला सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूट और टप्पेबाजी के दो लाख पांच हजार रुपये, दो देशी तमंचे 12 बोर और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में सूरज राय (24) निवासी पयागपुर, बहराइच, मोहन राय (45) निवासी बहादुरपुर, इटावा, राजू राय (20) निवासी राजेपुर, उन्नाव, करन राय (20) निवासी बहादुरपुर, इटावा तथा पिंकी देवी (55) निवासी राजेपुर, उन्नाव शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, कोतवाली नगर क्षेत्र निवासी राम प्रसाद पाण्डेय ने 20 अगस्त की रात शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 अगस्त को उनकी दुकान पर एक व्यक्ति आया था। उसने खुदाई के दौरान चांदी के सिक्के, सोने की माला के दाने और अन्य जेवरात मिलने की बात बताई और इन्हें बेचने के लिए पांच से छह लाख रुपये की जरूरत बताई। आरोपी ने खुद को सूरज राय बताया और चांदी का सिक्का तथा सोने की माला के दाने भी दिखाए।

इसके बाद सूरज राय ने अपने मोबाइल नंबर से कई बार दुकानदार से संपर्क किया। 20 अगस्त को दुकानदार दो लाख रुपये लेकर बताए गए स्थान पर पहुंचा। वहां सूरज राय समेत चार लोग मौजूद थे। आरोपियों ने रुपये मोहन राय और करन राय को देने के लिए कहा। दुकानदार को जब संदेह हुआ तो उसने आरोपियों को अपनी दुकान पर चलकर वहीं रुपये देने और सामान लेने की बात कही। इसी दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर उससे दो लाख रुपये छीन लिए और असलहे के बल पर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कोतवाली नगर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम को लगाया गया। मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने 21 अगस्त की सुबह करीब 4:14 बजे रायबरेली रोड पर उसरू नहर के पास एमबी पब्लिक स्कूल के सामने घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


अलगअलग आरोपियों से बरामद हुई रकम


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सूरज राय के कब्जे से 12 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और 46,500 रुपये बरामद हुए। मोहन राय के पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और 49,000 रुपये मिले। राजू राय से 42,500 रुपये तथा करन राय से 47,000 रुपये बरामद किए गए। महिला आरोपी पिंकी देवी के कब्जे से 20,000 रुपये मिले। इनमें 10 हजार रुपये अयोध्या की घटना से संबंधित तथा 10 हजार रुपये अलीगढ़ के क्वार्सी थाना क्षेत्र में हुई टप्पेबाजी की घटना से संबंधित बताए गए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के कुछ सदस्यों के खिलाफ अलीगढ़ के थाना क्वार्सी में भी धोखाधड़ी और टप्पेबाजी का मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार इससे गिरोह के अंतरजनपदीय स्तर पर सक्रिय होने की जानकारी मिली है।


पांचों आरोपियों की पहचान


पुलिस के अनुसार सूरज राय के खिलाफ हरदोई और लखनऊ में आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट समेत पूर्व में मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा अयोध्या और अलीगढ़ की घटनाओं में भी उसका नाम सामने आया है। अन्य आरोपियों के खिलाफ भी अयोध्या और अलीगढ़ में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी में कोतवाली नगर पुलिस के साथ एसओजी, स्वाट और सर्विलांस टीम की भूमिका रही।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version