◆ 28,836 के लक्ष्य के सापेक्ष 22,158 किशोरियों को लगा टीका, एक दिन में 800 से अधिक का टीकाकरण
अम्बेडकरनगर। किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए चलाए जा रहे ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान में अम्बेडकरनगर ने प्रदेश में बेहतर प्रदर्शन किया है। जनपद अभियान में मंडल में प्रथम और प्रदेश में दूसरे स्थान पर है। एक अप्रैल से 31 अगस्त तक चलाए जा रहे अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों का टीकाकरण किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने बताया कि जनपद में 28,836 किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष अब तक 22,158 किशोरियों को एचपीवी का टीका लगाया जा चुका है। शनिवार को विशेष अभियान के तहत एक ही दिन में 800 से अधिक किशोरियों का टीकाकरण किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. प्रमोद कुमार ने बताया कि ह्यूमन पैपिलोमावायरस का टीका इसके संक्रमण से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम करने में मदद करता है। किशोरावस्था में निर्धारित आयु पर टीकाकरण कराने से संक्रमण से बचाव की प्रभावी सुरक्षा मिलती है।
अभियान को गति देने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों समेत विभिन्न स्थानों पर टीकाकरण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें किशोरियों और उनके अभिभावकों को एचपीवी टीकाकरण के फायदे के बारे में जागरूक कर रही हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने शनिवार को अकबरपुर विकासखंड के विभिन्न टीकाकरण सत्र स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग पात्र किशोरियों तक पहुंच बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र किशोरियों का समय से एचपीवी टीकाकरण कराकर उन्हें सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सुरक्षा कवच प्रदान करें।