खंडासा थाना क्षेत्र के बिसाही पूरे खोचहन गांव निवासी तिलक राम महरा पुत्र रामहेत के छप्पर के घर में सोमवार की दोपहर लगभग 12 बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। जब तक पीड़ित परिवार तथा ग्रामीण कुछ समझ पाते तब तक तेज हवाओं के झोंकों के बीच आग ने विकराल रूप ले लिया। जिससे छप्पर में बंधी 20 बकरियां व दो गाय की जलकर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वही जानवरों तथा घर गृहस्थी को बचाने का प्रयास कर रही तिलक राम की 55 वर्षीय पत्नी देवमती भी गंभीर रूप से झुलस गई है। भीषण अग्निकांड में पीड़ित परिवार का छप्पर के आशियाना में रखा खाद्य सामग्रियां सहित गृहस्थी का सम्पूर्ण सामान जलकर राख हो गया।
साथ ही साथ छप्पर में बंधी बकरियां व गाय की जलकर मौत हो गई। हवाओं के तेज झोंकों का रुख़ देखकर ग्रामीण द्वारा अग्निकांड की सूचना पुलिस प्रशासन सहित अग्निशमन टीम को दी गई। जिसके बाद इनायत नगर व खंडासा पुलिस सहित अग्निशमन की टीम मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों के सहयोग से अग्नि शमन टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। जिससे आग अगल-बगल नही फैली। तेज हवाओं के बीच भीषण अग्निकांड को लेकर ग्रामीणों में डर का माहौल बना रहा।