Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर गाँव में मारपीट , आधा दर्जन घायल

इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर गाँव में मारपीट , आधा दर्जन घायल


पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, तीन हिरासत में


सोहावल, अयोध्या। इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट को लेकर मामूली विवाद ने रविवार की सुबह हिंसक रूप ले लिया। मामला सोहावल-रौनाही थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी ड्योड़ी अंतर्गत देवई गाँव का है। आरोप है कि युवक से पोस्ट हटवाने के बाद भी दूसरे गाँव के लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और करीब दो दर्जन से अधिक लोग लाठी-डंडा व लोहे की रॉड लेकर गाँव में पहुँच गए। देखते ही देखते बृजभान तिवारी के घर पर जमकर मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में बृजभान तिवारी, आशीर्वाद तिवारी, जितेश तिवारी, अवनीश तिवारी, चिरंजीव तिवारी अर्पित तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एम्बुलेंस से सीएचसी सोहावल लाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पीड़ित आशीर्वाद तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने नीरज सिंह, राना सिंह, कार्तिकेय सिंह, शैलेश सिंह शानू, तुषार सिंह, लल्लू सिंह सिपाही, सिद्धार्थ शर्मा, राम सिंह समेत दस नामजद व 10-12 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए गाँव में पीएसी और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी और क्षेत्राधिकारी सदर योगेंद्र कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी ग्रामीण ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और बहुत जल्द सभी को पकड़ लिया जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version