अयोध्या। कलेक्ट्रेट सभागार में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को लेकर बैठक आयोजित की गई, जिसमें योजना की प्रगति की समीक्षा के साथ लाभार्थी किसानों को बीमा धनराशि के चेक वितरित किए गए।
बैठक में उप कृषि निदेशक ने जानकारी देते हुए बताया कि खरीफ मौसम में जनपद के 2016 किसानों को कुल 18.03 लाख रुपये की बीमा राशि प्रदान की गई है। वहीं रबी सीजन में 293 किसानों का सर्वेक्षण किया गया, जिनमें से 30 किसानों को 1.43 लाख रुपये की धनराशि दी जा रही है।
इस अवसर पर विधायक ने 10 चयनित किसानों को प्रतीकात्मक रूप से चेक वितरित किए। खरीफ मौसम के तहत बीकापुर के अरविंद कुमार यादव को 51,934 रुपये, रुदौली की मधुबाला को 56,919 रुपये, अमानीगंज के चंद्रकेतु मिश्रा को 36,584 रुपये, राधेश्याम यादव को 41,564 रुपये तथा सूर्यभान सिंह को 52,598 रुपये प्रदान किए गए। वहीं रबी सीजन में सोहावल के संतोष कुमार पांडेय को 2,442 रुपये, राम कुमार को 7,341 रुपये, शोभनाथ शुक्ला को 23,127 रुपये, शुभांशु पांडेय को 10,736 रुपये तथा चंद्रप्रकाश पांडेय को 9,214 रुपये के चेक दिए गए।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ‘संकल्प से सिद्धि’ के लक्ष्य के साथ किसानों के हित में निरंतर कार्य कर रही है। फसल बीमा योजना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की भरपाई कर आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है। उन्होंने किसानों से योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
बैठक में उप कृषि निदेशक, जिला उद्यान अधिकारी, मुख्य कार्यकारी मत्स्य अधिकारी, जिला सहायक आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता, जिला प्रबंधक अग्रणी बैंक तथा मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।