अम्बेडकरनगर। किसानों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और चकबंदी कार्यों में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से जनपद में 23 से 28 फरवरी तक विशेष चकबंदी चौपालों का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम चकबंदी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर संचालित किया जा रहा है। बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी ने बताया कि चौपालों में संबंधित उपजिलाधिकारी, उप संचालक चकबंदी, बंदोबस्त अधिकारी व चकबंदी अधिकारी मौजूद रहकर किसानों की शिकायतें सुनेंगे और मौके पर निस्तारण सुनिश्चित करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 फरवरी को भीटी तहसील के ग्राम चतुरी पट्टी तथा 28 फरवरी को अकबरपुर तहसील के ग्राम रामनगर जमदरा में चौपाल होगी। वहीं आलापुर तहसील के ग्राम आलापुर व जुनैदपुर में 25 व 26 फरवरी को बैठक आयोजित की जाएगी। ग्राम बिसई डांड, अखलासपुर, मुकेरीपुर और चौदहप्रास में भी अलग-अलग तिथियों पर पंचायत भवन में चौपालें लगेंगी।
प्रशासन ने संबंधित ग्रामों के किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर पहुंचकर अपनी समस्याएं व सुझाव रखें, ताकि चकबंदी प्रक्रिया को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध बनाया जा सके।