बसखारी, अंबेडकर नगर। मंगलवार को बजदहिया पाईपुर स्थित खेत में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पास स्थित मकोईयां विद्युत उपकेंद्र को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही बिजली विभाग में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक टीम और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस अग्निकांड में कबाड़ में पड़े लगभग 150 मीटर तार जलकर नष्ट हो गए, जबकि कई घंटे तक विद्युत आपूर्ति भी बाधित रही।
जानकारी के अनुसार, गेहूं की पराली जलाने के दौरान आग तेजी से फैलती हुई उपकेंद्र परिसर तक पहुंच गई और वहां मौजूद झाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उपकेंद्र अधिकारी कुमार अनिकेत ने तत्काल टांडा से मुख्य बिजली आपूर्ति बंद करवाई और उच्च अधिकारियों को सूचित किया।
मौके पर थानाध्यक्ष सुनील कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ पहुंचे। नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक व अन्य कर्मियों ने भी ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने में सहयोग किया।
आग धीरे-धीरे आवासीय परिसर और फीडर की ओर बढ़ रही थी, जिससे बड़ा नुकसान होने की आशंका थी। हालांकि समय रहते फायर ब्रिगेड के पहुंचने से आग पर नियंत्रण पा लिया गया और एक बड़ी दुर्घटना टल गई।अधिशासी अभियंता अवधेश कुमार यादव के अनुसार, इस घटना में लगभग 150 मीटर तार जलकर नष्ट हुआ है, लेकिन समय रहते आग बुझ जाने से विभाग को बड़े नुकसान से बचा लिया गया।