Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर असलहों के बल पर परिवार को बनाया बंधक, लाखों की नकदी-जेवरात लूटे

असलहों के बल पर परिवार को बनाया बंधक, लाखों की नकदी-जेवरात लूटे

0
ayodhya samachar

जलालपुर, अम्बेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र में बीती रात हथियारबंद बदमाशों ने एक घर में घुसकर परिवार को बंधक बना लिया और असलहों के बल पर लाखों रुपये की नकदी व जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

घटना मालीपुर थाना क्षेत्र के कजरी नंदापुर गांव की है। गांव निवासी अनुज कुमार चौहान पुत्र स्वर्गीय हनुमान दास ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि शनिवार देर रात करीब दो बजे चार अज्ञात बदमाश उनके घर में घुस आए। बदमाशों ने घर में मौजूद भांजे विशाल की कनपटी पर पिस्टल सटा दी और पूरे परिवार को आतंकित करते हुए घर में रखी नकदी व जेवरात लूट लिए।

पीड़ित के अनुसार बदमाशों ने घर के कमरे और अलमारी खंगालते हुए करीब ढाई लाख रुपये नकद, 13 हजार रुपये अतिरिक्त नकदी तथा लगभग 15 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण समेट लिए। लूटे गए सामान में सोने का हार, चार कंगन, झुमकी, मांगटीका, बाली, तीन चैन, पांच सोने की कील, नथुनी, मंगलसूत्र, करधन, पायल समेत अन्य कीमती आभूषण व महंगे कपड़े शामिल हैं। बदमाश सभी सामान बैग में भरकर मौके से फरार हो गए।

पीड़ित ने बताया कि चारों बदमाश पूरी तरह संगठित तरीके से आए थे। तीन बदमाशों के हाथ में पिस्टल जबकि एक के हाथ में धारदार हथियार था। सभी की उम्र लगभग 20 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है तथा सभी ने अपना चेहरा ढक रखा था। विरोध करने पर बदमाशों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। क्षेत्राधिकारी जलालपुर अनूप कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही घटना का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version