Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर फोटो स्टूडियो पर बनते थे फर्जी बीमा बॉन्ड, पीएनबी गबन कांड में...

फोटो स्टूडियो पर बनते थे फर्जी बीमा बॉन्ड, पीएनबी गबन कांड में दूसरा आरोपी गिरफ्तार

0

अम्बेडकर नगर। कोतवाली टाण्डा क्षेत्र के छज्जापुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में हुए धोखाधड़ी व गबन मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को शनिवार को नव कलां फोटो स्टूडियो से दबोचा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से कंप्यूटर, प्रिंटर समेत अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी टाण्डा के नेतृत्व में निरीक्षक अपराध श्रीचन्द्र यादव की टीम ने वांछित आरोपी शरद मौर्य 32 पुत्र मायाराम मौर्य निवासी मीरापुर हयातगंज रोडवेज के पास को गिरफ्तार किया। इस मामले में मुख्य आरोपी उमेर अहमद को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पूछताछ में उसके बयान के आधार पर शरद मौर्य का नाम सामने आया था।

पुलिस के अनुसार आरोपी अपनी फोटो स्टूडियो दुकान पर कंप्यूटर व प्रिंटर की मदद से पीएनबी मेट लाइफ इंश्योरेंस के बॉन्ड में नाम, पता, मोबाइल नंबर व पॉलिसी नंबर बदलकर फर्जी दस्तावेज तैयार करता था। आरोपी महीने में एक-दो या कभी अधिक बॉन्ड बनाकर देता था। पुलिस ने मौके से एक मॉनिटर, सीपीयू, कलर प्रिंटर, कीबोर्ड, माउस, केबल और बॉन्ड पेपर बरामद किया है।

पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक राम प्रकाश सिंह, कांस्टेबल राजू यादव व सूरज गिरी शामिल रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version