अम्बेडकर नगर। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व गुरुवार को अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र में नारायण फाउंडेशन के संरक्षक एवं भाजपा नेता विवेक मौर्य के नेतृत्व में विशाल तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। भारी बारिश के बावजूद 1500 से अधिक बाइक सवार युवाओं ने उत्साह के साथ रैली में भाग लिया। डॉ. गणेश कृष्ण जेटली विद्यालय, शहजादपुर से शुरू हुई रैली पटेल नगर पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली के दौरान युवा हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय, वंदे मातरम् और हर घर तिरंगा के नारे लगाते हुए आगे बढ़े। बारिश की परवाह किए बिना युवाओं के उत्साह और अनुशासन ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। मार्ग में स्थानीय लोगों, दुकानदारों, महिलाओं और बच्चों ने तिरंगा लहराकर तथा पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया।
पटेल नगर पहुंचने पर सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर विवेक मौर्य ने कहा कि तिरंगा देश की पहचान, एकता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमें अपने कर्तव्यों और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है। युवाओं से शिक्षा, सेवा और एकता को जीवन का ध्येय बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देश के प्रति नागरिकों की प्रतिबद्धता को मजबूत करता है। रैली की सफलता पर उन्होंने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार जताया। आयोजन में फाउंडेशन के पदाधिकारी, स्थानीय कार्यकर्ता और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।