Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर मानसून से पहले सभी नालों की सफाई सुनिश्चित करें : डीएम

मानसून से पहले सभी नालों की सफाई सुनिश्चित करें : डीएम

0

अम्बेडकर नगर। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए जिले में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नगर निकायों की बैठक कर सभी अधिशासी अधिकारियों को मानसून से पहले नालों की सफाई पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्सना बंधु की उपस्थिति में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि वर्षा ऋतु शुरू होने में अब अधिक समय शेष नहीं है। ऐसे में नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर सभी प्रमुख एवं छोटे नालों की प्रभावी सफाई सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने अधिशासी अधिकारियों को नालेवार एवं तिथिवार कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर सफाई कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि नालों की सफाई केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसकी गुणवत्ता भी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए प्रत्येक नाले की सफाई के बाद सत्यापन समिति द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन नालों की सफाई पहले ही कराई जा चुकी है, उनका भी सत्यापन कर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनाए रखना नगर निकायों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सफाई कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी करते हुए समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी एवं सत्यापन समितियों के सदस्य मौजूद रहे। प्रशासन को उम्मीद है कि समय रहते नालों की सफाई होने से मानसून के दौरान जलभराव की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सकेगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version