जलालपुर, अंबेडकर नगर। जलालपुर-रामगढ़ मार्ग पर गौरा कमाल गांव के पास शुक्रवार शाम टावर पर तेल की आपूर्ति करने वाले कर्मचारी से मोटरसाइकिल छीनने का प्रयास किया गया। विरोध करने और बदमाशों का वीडियो बनाने की कोशिश करने पर दो अज्ञात युवकों ने कर्मचारी पर हमला कर दिया। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
आजमगढ़ जनपद के कोल दुर्वासा गांव निवासी नीरज यादव आरएस कंपनी में कर्मचारी हैं। वह जलालपुर क्षेत्र स्थित इंडेक्स टावर पर तेल की आपूर्ति करते हैं। शुक्रवार शाम करीब साढ़े छ बजे वह जलालपुर नगर स्थित खान पेट्रोल पंप पर खड़ी पिकअप लेने के लिए मोटरसाइकिल से जा रहे थे।
नीरज के अनुसार, गौरा कमाल गांव के पास पहुंचते ही मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने ओवरटेक कर उनकी मोटरसाइकिल रोक ली। आरोप है कि दोनों ने जान से मारने की धमकी देते हुए मोटरसाइकिल छीनने का प्रयास किया। सड़क पर वाहनों की अधिक आवाजाही देख दोनों बदमाश धमकी देते हुए वहां से चले गए।
इसके बाद नीरज ने दोनों युवकों का वीडियो बनाने का प्रयास किया। आरोप है कि वीडियो बनाते देख दोनों बदमाश वापस लौट आए और नीरज पर हमला कर दिया। दोनों ने उसकी जमकर पिटाई की, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।
बदमाशों के जाने के बाद घायल नीरज ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस उसे कोतवाली ले गई। पुलिस ने उसकी तहरीर लेकर मेडिकल परीक्षण कराया।
जलालपुर कोतवाल अजय प्रताप यादव ने बताया कि पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। घटना की जांच की जा रही है और आरोपितों की तलाश में पुलिस टीम लगी है।