Friday, September 4, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरबारिश में विशालकाय पेड़ गिरने से टूटा बिजली पोल, सड़क पर लगा...

बारिश में विशालकाय पेड़ गिरने से टूटा बिजली पोल, सड़क पर लगा जाम


जलालपुर, अंबेडकर नगर। गुरुवार सुबह हवा के साथ हुई बारिश के दौरान जलालपुर-अकबरपुर मार्ग पर कटघर मूसा के पास एक विशालकाय पेड़ 11 हजार वोल्ट विद्युत लाइन के ऊपर गिर गया। पेड़ के साथ विद्युत तार और खंभा भी टूटकर सड़क के बीचोंबीच जा गिरा। हादसे के बाद मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों को काफी देर तक आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह बारिश के दौरान हवा चल रही थी। इसी बीच सड़क किनारे खड़ा विशाल पेड़ अचानक विद्युत लाइन पर जा गिरा। पेड़ के भार से लाइन का खंभा भी टूट गया और तार सड़क पर फैल गए। गनीमत रही कि घटना के समय आसपास कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया।

पेड़ गिरने से रास्ता बंद होने की सूचना आसपास के लोगों ने स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और विद्युत विभाग तथा वन विभाग के अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। विद्युत विभाग ने एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बंद करा दी, ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो।

मौके पर पहुंचे कल्याणपुर के इंजीनियर अंबिका प्रसाद ने बताया कि सुरक्षा को देखते हुए संबंधित क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद की गई है। कर्मचारियों को टूटे विद्युत तारों को हटाने तथा नया पोल लगाने की प्रक्रिया में लगाया गया है। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र में जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। उधर, पुलिस और विभागीय कर्मचारियों की मौजूदगी में सड़क के बीच गिरे विशालकाय पेड़ को हटाने का कार्य शुरू किया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु कराया गया। इसके बाद विद्युत विभाग की टीम ने क्षतिग्रस्त तारों की मरम्मत और पोल लगाने का काम शुरू कर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments