बसखारी, अंबेडकरनगर। बुधवार की दोपहर बाद आकाशीय बिजली गिरने से एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि पान की गुमटी पर मौजूद महिला गंभीर रूप से झुलस गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसखारी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने वृद्ध को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अचानक हुई घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।
जानकारी के अनुसार बसखारी थाना क्षेत्र के मुसहा संदहा मजगांवा निवासी सतीराम (62) पुत्र बीपत बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे किसी काम से घर से निकले थे। इसी दौरान बसखारी-नेवरी मार्ग पर नाऊनगर के निकट पान की गुमटी पर रुक गए और पान खाने लगे।
इसी दौरान शुरू हुई बारिश से अचानक तड़की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से सतीराम गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं गुमटी पर पान लगा रही महिला भी इसकी चपेट में आकर झुलस गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को एम्बुलेंस की सहायता से सीएचसी बसखारी ले गई। वहां चिकित्सकों ने सतीराम को मृत घोषित कर दिया। महिला का उपचार चल रहा है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।