जलालपुर, अम्बेडकरनगर। कोतवाली जलालपुर क्षेत्र में रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। अकबरपुर–जलालपुर मार्ग पर अशरफपुर भुवा स्थित एक ईंट-भट्ठे के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर के बाद अनियंत्रित कार ने कई लोगों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में कुल आठ लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो सगे भाई भी शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात लगभग साढ़े 11 बजे दो बाइक सवार आपस में टकराकर सड़क पर गिर पड़े। घायलों की मदद के लिए कुछ लग आ गए,इसी दौरान जलालपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरे लोगों को रौंदते हुए गड्ढे में जा गिरी। अचानक हुए इस दूसरे हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी जलालपुर और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सीएचसी नगपुर, जलालपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। दो गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां से उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
हादसे में मृतकों की पहचान कैफी (32) पुत्र हसल मोहसिन निवासी लोरपुर ताजन थाना कोतवाली अकबरपुर, उत्तम कुमार (24) पुत्र जगतपाल निषाद निवासी सेमरा थाना कटका, आदित्य कुमार (25) पुत्र मायाराम निवासी जैनापुर थाना सम्मनपुर, लालचंद (24) पुत्र फेकू राम निवासी पट्टी मोईयन थाना जलालपुर, राजू गुप्ता (32) पुत्र छेदी गुप्ता निवासी सिकंदरपुर तथा छोटू पुत्र मायाराम निवासी जैनापुर के रूप में हुई है। इसके अलावा दो अज्ञात व्यक्तियों (लगभग 35 व 32 वर्ष) की भी मौत हुई है। आदित्य और छोटू सगे भाई थे।
अपर पुलिस अधीक्षक तेजवीर सिंह ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर ली गई है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच जारी है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।