अयोध्या। दीपोत्सव 2025 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा मोर्चे पर तैयारी तेज कर दी है। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे के निर्देश पर जिले में कुल आठ टीमें गठित की गई हैं। पांच टीमें तहसील स्तर पर एसडीएम के नेतृत्व में, दो नगर क्षेत्र में सिटी मजिस्ट्रेट की देखरेख में और एक टीम सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मानिक चन्द्र सिंह के नेतृत्व में काम कर रही है।
खाद्य विभाग ने अब तक 54 निरीक्षण किए हैं, जिनमें 34 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान 76 नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। टीमों ने लगभग 19,657 किलो खाद्य सामग्री बरामद की, जिसकी कीमत 33 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। इनमें से 167 किलो खराब या मिलावटी खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
अयोध्या में बढ़ती भीड़ को देखते हुए अन्य जिलों से भी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को तैनात किया गया है। ये अधिकारी 19 और 20 अक्तूबर को जिले के विभिन्न स्थलों पर सघन जांच करेंगे। प्रशासन का कहना है कि दीपोत्सव के दौरान किसी भी तरह की खाद्य अनियमितता या मिलावट पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।