जलालपुर, अंबेडकर नगर। कोतवाली क्षेत्र के नगपुर ग्राम सभा स्थित भूलापुर गांव में शनिवार रात एक युवक का शव कमरे में फांसी के फंदे से लटकता मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, भूलापुर निवासी रिंकू राजभर (32) ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। शनिवार रात करीब 10 बजे किसी बात को लेकर उसकी पत्नी से कहासुनी हो गई। विवाद के बाद रिंकू कमरे के अंदर चला गया। कुछ देर बाद उसके पिता रामनयन घर पहुंचे और बेटे को आवाज देने लगे। काफी देर तक अंदर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।
परिजनों ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो रिंकू का शव फांसी के फंदे से लटक रहा था। यह दृश्य देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में परिजन उसे फंदे से उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जलालपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी, दो मासूम बच्चों और वृद्ध पिता को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
कोतवाली प्रभारी अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।