अयोध्या । तहसील मिल्कीपुर में शनिवार को जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर की मौजूदगी में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर मामलों के निस्तारण पर जोर दिया। ग्राम पंचायत अगरवा के एक आवेदक ने राशन कार्ड में नाम न जोड़े जाने की शिकायत की, जिस पर पूर्ति निरीक्षक को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं ग्राम पंचायत चांदपुर में भूमि पैमाइश की मांग पर तहसीलदार को टीम गठित कर जांच कराने के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायत बरईपारा में भूमि विवाद और तरौली में रास्ता बंद किए जाने की शिकायतों पर भी संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
तहसील दिवस में कुल 161 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 11 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष मामलों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से निपटाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। प्राप्त शिकायतें मुख्य रूप से भूमि विवाद, राजस्व, सड़क, जल आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, राशन और पेंशन से संबंधित थीं। कार्यक्रम में जिला पूर्ति अधिकारी, उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, खंड विकास अधिकारी, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।