Monday, October 12, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यानवरात्र पर 2400 स्थानों पर सजे दुर्गा पूजा पंडाल, भक्तिमय हुआ अयोध्या

नवरात्र पर 2400 स्थानों पर सजे दुर्गा पूजा पंडाल, भक्तिमय हुआ अयोध्या


◆ केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति ने सीवर खुदाई से क्षतिग्रस्त मार्गों को लेकर जताई नाराजगी, शीघ्र मरम्मत की मांग


◆ मां भगवती के दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु, विभिन्न स्थानों पर रामलीला में वनगमन प्रसंग का मंचन


अयोध्या । नवरात्र के प्रथम दिन मां शैलपुत्री की आराधना के साथ अयोध्या जनपद में दुर्गापूजा उत्सव का शुभारंभ हो गया। जिले में लगभग 2400 स्थानों पर, अयोध्या धाम में करीब 250 और पुराने फैजाबाद नगर में लगभग 31 स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। पूजा पंडालों के पट खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति के पदाधिकारियों ने विभिन्न दुर्गापूजा पंडालों में पहुंचकर मां भगवती के दर्शन-पूजन किए। समिति के जिला संयोजक गगन जायसवाल ने बताया कि नवरात्र के प्रथम दिन से ही प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। मंदिरों में विधि-विधान से पूजन-अर्चन शुरू हो गया है।


सीवर खुदाई से क्षतिग्रस्त मार्गों पर समिति ने जताई नाराजगी


केंद्रीय समिति के जिला अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने चौक घंटाघर से बजाजा, फतेहगंज और गणेश नगर मकबरा होते हुए नाका हनुमानगढ़ी तक जाने वाले मार्ग की स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सीवर लाइन के लिए की गई खुदाई और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधूरे कार्यों के कारण मार्ग पर आवागमन में परेशानी हो रही है।

उन्होंने बताया कि इस समस्या से जिले के वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है। नवरात्र और दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए मार्ग को जल्द चलने योग्य बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो समिति इस मामले को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष उठाएगी।


रामलीला में वनगमन प्रसंग का मंचन


समिति के जिला प्रवक्ता केशव बिगुलर के अनुसार, रविवार रात विभिन्न स्थानों पर रामलीला के प्रसंगों का मंचन किया गया। इनमें प्रभु श्रीराम के अयोध्या से वनवास के लिए प्रस्थान करने और गंगा पार करने के प्रसंग का मंचन प्रमुख रहा। रामलीला देखने के लिए दर्शक भी पहुंचे।

कार्यक्रमों में केंद्रीय समिति के अतुल सिंह, रोहिताश्व चंद्र राजू, आलोक शंकर, अखिलेश पाठक, तारकेश्वर शर्मा, जनार्दन पांडेय, अजय विश्वकर्मा, राजेश जायसवाल राजू, पवन निषाद, अमित कन्नौजिया, चंदन गुप्ता, अंकुश गुप्ता, अंजनी पांडेय, तरुण कुमार गुप्ता, विशाल गुप्ता वासू, बजरंगी साहू, अंश गुप्ता और शिवजी शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments