जलालपुर अंबेडकर नगर। कटका थाना क्षेत्र के दुलहूपुर खुर्द गांव में शुक्रवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। ग्रामीणों ने एक अर्धनग्न युवक को चोर समझकर रस्सी से बांध दिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, देर रात तीन युवक संदिग्ध स्थिति में गांव में दाखिल हुए थे। जब ग्रामीणों ने उन्हें ललकारा तो दो युवक भाग निकले, जबकि एक युवक पकड़ में आ गया। लोगों ने उसे चोर समझकर न केवल बांध दिया बल्कि बेरहमी से पिटाई भी की। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस जांच में चौंकाने वाली बात सामने आई। एसओ कटका राकेश कुमार ने बताया कि ग्रामीण जिस युवक को चोर समझ बैठे थे, वह वास्तव में शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति था। युवक की पहचान पंकज निवासी चतुरपुर, थाना राजेसुल्तानपुर के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, युवक नशे की हालत में अपनी बाइक से गिर गया था। कपड़ों में कीचड़ लगने से उसने शर्ट उतार दी और नल पर पानी पीने जा रहा था, तभी ग्रामीणों ने उसे चोर समझकर पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, युवक को भीड़ के चंगुल से मुक्त कराया और थाने लाकर मेडिकल जांच के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
इस घटना ने इलाके में भीड़ के द्वारा की जाने वाली संदेह आधारित हिंसा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्र में बढ़ती चोरी की वारदातों के बीच इस तरह की घटनाएँ लोगों में भय और अविश्वास का माहौल पैदा कर रही हैं।