Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या नाला ऊंचा, सड़क नीची और गलियां जलमग्न – लालबाग में नगर निगम...

नाला ऊंचा, सड़क नीची और गलियां जलमग्न – लालबाग में नगर निगम के काम पर उठे सवाल

0

अयोध्या। नगर निगम की कथित लापरवाही ने लालबाग मोहल्ले के लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नाले के निर्माण में खामियों का आरोप लगाते हुए मोहल्लेवासियों ने नगर निगम के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि जिस नाले से जलनिकासी की उम्मीद थी, वही अब जलभराव की वजह बन गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, नगर निगम की ओर से बनाया जा रहा नाला सड़क से ऊंचा कर दिया गया है। इसके चलते बारिश और गलियों का पानी नाले में जाने के बजाय सड़कों पर ही जमा हो रहा है। ट्रांसपोर्टर अरुण मिश्रा के घर के सामने वाली गली में स्थिति सबसे ज्यादा खराब बताई जा रही है। यहां नाली का गंदा पानी जमा होने से लोगों का पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया है।

मोहल्लेवासी देश दीपांकर श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि नाले का निर्माण शुरू होने से पहले ऐसी स्थिति नहीं थी। निर्माण में तकनीकी खामी के कारण अब जलनिकासी की समस्या गंभीर हो गई है। लोगों का कहना है कि विकास के नाम पर बनाया जा रहा नाला यदि मोहल्ले में ही पानी रोक दे तो ऐसे निर्माण की गुणवत्ता और उपयोगिता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

जलभराव की शिकायत के बाद नगर निगम की टीम लालबाग पहुंची और मौके का निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, टीम ने समस्या को स्वीकार करते हुए दो दिन के भीतर जलभराव की समस्या दूर कराने का आश्वासन दिया है।

मोहल्लेवासियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि तय समय में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे जिलाधिकारी से मुलाकात कर नगर निगम के अधिकारियों के सामने नाले के निर्माण की खामियां रखेंगे। लोगों का कहना है कि उन्हें आश्वासन नहीं, बल्कि जलभराव से तत्काल राहत चाहिए।

इस दौरान देश दीपांकर श्रीवास्तव, अश्वनी तिवारी ‘लालू’, ट्रांसपोर्टर अरुण मिश्रा, गायक संदीप आचार्य, राकेश जायसवाल, मिंटू जायसवाल, राधेश्याम जायसवाल, रत्नेश जायसवाल, पंकज जायसवाल समेत बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version