अम्बेडकर नगर। श्रावण मास के शुभारंभ पर कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने संयुक्त रूप से टांडा तहसील अंतर्गत झारखंडी महादेव मंदिर, सम्हरिया चौराहा, सेवागंज चौकी, यादव नगर तथा अकबरपुर तहसील के अन्नावा बाजार का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, कांवड़ यात्रियों के आवागमन मार्गों पर यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। डीएम ने विशेष रूप से अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग को निर्देश दिया कि कांवड़ मार्गों पर ढीले तारों को कसवाया जाए, खुले तारों पर पाइप लगवाया जाए और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
इसके अलावा नगर पालिका एवं नगर पंचायत अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ मार्गों में जहां भी गड्ढे हैं, उन्हें तुरंत ठीक कराया जाए, ताकि पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं को दिक्कत न हो। साथ ही, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने को भी कहा गया।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को सतर्कता बरतने और अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों के रूट पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने कहा कि श्रावण मास में भारी संख्या में श्रद्धालु यात्रा करते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन की इस तत्परता से क्षेत्र में कांवड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में सुरक्षा का भरोसा और उत्साह देखा जा रहा है।