अंबेडकर नगर। वर्तमान खरीफ विपणन वर्ष के तहत धान खरीद व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने शुक्रवार को सिझौली मंडी परिसर में संचालित सभी धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर चल रही खरीद प्रक्रिया देखी और किसानों से बातचीत कर व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया।
निरीक्षण के समय मंडी परिसर में किसानों के धान की तौल की जा रही थी। जिलाधिकारी ने धान विक्रय करने पहुंचे किसानों से खरीद प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। किसानों ने व्यवस्था पर संतुष्टि जताई। इस दौरान पीसीएफ की ओर से संचालित जिला सहकारी सभा के क्रय केंद्र पर पटवी गांव निवासी राधेश्याम पुत्र अलगू के धान की तौल चल रही थी।
निरीक्षण के दौरान धान की बोरियों पर लगाए जाने वाले स्टेंसिल स्पष्ट एवं पठनीय नहीं पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को बोरियों पर स्पष्ट और पढ़ने योग्य स्टेंसिल लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने उपजिलाधिकारी अकबरपुर और जिला खाद्य विपणन अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी केंद्रों पर आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं। साथ ही किसानों से तेजी से धान खरीद करने और क्रय केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।