अयोध्या। संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने तहसील सदर में जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर भी मौजूद रहे। जनपद की पांचों तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 472 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 43 का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।
तहसील सदर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सड़क, सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल, पेंशन, चकमार्ग और भूमि विवाद सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर फरियादी पहुंचे। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेकर नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार सदर में 97 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 का मौके पर निस्तारण किया गया। बीकापुर में 36 शिकायतों में चार, सोहावल में 96 शिकायतों में छह, मिल्कीपुर में 156 शिकायतों में 12 और रुदौली में 87 शिकायतों में छह शिकायतों का निस्तारण कराया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन को निर्धारित समयसीमा के भीतर सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। शिकायतों को लंबित रखने या उनके निस्तारण में अनावश्यक विलंब करने पर जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है।