अयोध्या। तहसील बीकापुर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 130 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 10 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद से संबंधित रहीं। जिलाधिकारी ने लेखपाल और कानूनगो को निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर जांच कराई जाए और अराजक तत्वों पर सख्त कार्रवाई हो।
इसके अलावा पेंशन, स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल, सड़क और सुरक्षा से जुड़ी शिकायतें भी आईं। ग्राम कटौना के एक प्रकरण में तहसीलदार व लेखपाल पर अलग-अलग रिपोर्ट लगाने की शिकायत पर डीएम ने जांच के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम श्रेया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।