अयोध्या। नार्दर्न रेलवे मेंस यूनियन की मुख्यालय मंडल की मंडलीय परिषद बैठक अयोध्या कैंट स्टेशन के होल्डिंग एरिया शेड में आयोजित हुई। बैठक में एआईआरएफ के केंद्रीय महामंत्री कॉमरेड शिवगोपाल मिश्र मुख्य अतिथि रहे। राष्ट्रीय महिला चेयरपर्सन प्रवीणा सिंह, केंद्रीय अध्यक्ष एस.के. त्यागी, एनआरएमयू लखनऊ मंडल के अध्यक्ष विभूति मिश्रा, मंडल मंत्री आर.के. पांडेय, मुख्यालय मंडल अध्यक्ष आलोक मिश्र, मंडल मंत्री संजीव सैनी, अयोध्या कैंट शाखा अध्यक्ष एम.एन. मिश्रा और शाखा मंत्री हीरालाल सहित सैकड़ों रेलकर्मी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए शिवगोपाल मिश्र ने कहा कि 19 सितम्बर को शहीदी दिवस पर 8वें वेतन आयोग की समिति अभी तक गठित न किए जाने के विरोध में सभी शाखाओं और मंडलों पर धरना-प्रदर्शन होगा। उन्होंने संरक्षा श्रेणी के रिक्त पदों को तत्काल भरने, रेल आवासों की मरम्मत, महिलाओं की सीसीएल का पूरा भुगतान और यूनियन पीएस से जुड़ी कमियों को दूर करने की मांग रखी।
उन्होंने अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर, लखनऊ और वाराणसी स्टेशनों से बड़ी संख्या में लोको पायलट (गुड्स) के स्थानांतरण पर रोष जताया और इसे शीघ्र निरस्त करने की मांग की।