अयोध्या। मंडलायुक्त राजेश कुमार ने गुरुवार को जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों और उनके तीमारदारों से वार्ता कर चिकित्सा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान मंडलायुक्त ने चिकित्सकों को सख्त निर्देश दिए कि वे मरीजों को अस्पताल में उपलब्ध दवाएं ही लिखें। जो दवाएं चिकित्सालय में उपलब्ध नहीं हैं, उनके लिए मरीजों को प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों से दवाएं लेने हेतु प्रोत्साहित किया जाए।
मंडलायुक्त ने अस्पताल गेट पर पड़ी निर्माण सामग्री और गंदगी देखकर नाराजगी जताई और तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। अग्निशमन यंत्रों की जांच के दौरान एक यंत्र की एक्सपायरी तिथि निकल चुकी पाई गई, जिसे बदलने और अन्य यंत्रों की जांच कराने के निर्देश मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी कक्षों, ब्लड बैंक, फिजियोथैरेपी सेंटर, आईसीयू वार्ड और पीडियाट्रिक वार्ड का भी जायजा लिया। साफ-सफाई की कमी पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सफाई कांट्रैक्टर के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। परिसर में पड़े निष्प्रयोज्य सामानों की नीलामी कराने और नाली निर्माण व अन्य मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण कराने को भी कहा।
उन्होंने रैन बसेरे पर ताला बंद मिलने पर नाराजगी जताई और उसे उपयोग में लाने के निर्देश दिए। भोजन कक्ष का निरीक्षण करते हुए मरीजों को दिए जा रहे भोजन और दूध की गुणवत्ता की जांच की तथा पौष्टिक आहार की मात्रा बढ़ाने और निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन वितरित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान पार्किंग व्यवस्था को सुधारने और चिकित्सकों की कमी को देखते हुए शासन को पत्र भेजने के निर्देश भी दिए गए।