अयोध्या। राष्ट्रपति के 19 मार्च को प्रस्तावित अयोध्या दौरे को देखते हुए जनपद में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। प्रशासन द्वारा 18 मार्च की रात्रि 11 बजे से 19 मार्च की शाम 5 बजे तक अथवा कार्यक्रम समाप्ति तक भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाते हुए डायवर्जन लागू किया जाएगा।
इस दौरान मालवाहक वाहन, ट्रक, ट्रैक्टर, डीसीएम सहित अन्य भारी वाहनों को अयोध्या की ओर आने से रोका जाएगा और उन्हें विभिन्न मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। सुल्तानपुर, रायबरेली, आजमगढ़, अंबेडकरनगर, बाराबंकी, बस्ती, गोंडा और गोरखपुर से आने वाले वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे सहित अन्य वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ा जाएगा।
इसी तरह लखनऊ, कानपुर, सीतापुर, शाहजहांपुर समेत अन्य जनपदों से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं, ताकि अयोध्या में यातायात सुचारू बना रहे और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो।
प्रशासन के अनुसार, डायवर्जन व्यवस्था के तहत गोरखपुर, संतकबीरनगर, बलरामपुर, बहराइच और श्रावस्ती से आने वाले वाहनों को भी निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
हालांकि, यह प्रतिबंध आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों पर लागू नहीं होगा। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन का पालन करें, जिससे किसी प्रकार की असुविधा न हो।