◆ पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश
अयोध्या । जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली का स्थलीय निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी कक्ष, औषधि वितरण कक्ष, चिकित्सकीय कक्ष एवं वार्डों का निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों एवं तीमारदारों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी जताई। निरीक्षण के दौरान परिसर में जले हुए कूड़े एवं कुछ स्थानों पर गंदगी मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अस्पताल परिसर में स्वच्छता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रेरणा कैंटीन के निर्माण कार्यों का भी अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ निर्माण कार्य पूर्ण कर शीघ्र संचालन शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कैंटीन शुरू होने से मरीजों एवं तीमारदारों को बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र के बाहर हुए अतिक्रमण को नियमानुसार हटाने तथा परिसर की क्षतिग्रस्त इंटरलॉकिंग को दुरुस्त कराने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों एवं तीमारदारों से संवाद कर उन्हें मिल रही दवाओं, जांचों एवं चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली।
कुछ ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर शिकायत भी की। इस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा स्वास्थ्य सेवाओं में संवेदनशीलता एवं गुणवत्ता बनाए रखी जाए।
साफ-सफाई के संबंध में जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि परिसर में पान मसाला अथवा गुटखा खाकर गंदगी फैलाने वालों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाए, जिससे स्वास्थ्य केंद्र का वातावरण स्वच्छ एवं स्वास्थ्यकर बना रहे। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी देवेंद्र भदौरिया, उपजिलाधिकारी रुदौली संतोष कुमार, सीएचसी अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।