अंबेडकर नगर। शनिवार को बसखारी परिसर में आयोजित थाना दिवस में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला व पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर अचानक पहुंच गए और थाने पर आयोजित थाना दिवस की कार्रवाई का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने शिकायतों का गुणवत्ता परक निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया। थाना अध्यक्ष सुनील कुमार पांडे की अध्यक्षता में आयोजित थाना समाधान दिवस में कुल पांच प्रार्थना पत्र आए जिसमें दो राजस्व से व तीन प्रार्थना पत्र पुलिस से संबंधित थे।जिनमें से मौके पर ही एक प्रार्थना पत्र का निस्तारण किया गया और शेष 4 प्रार्थना पत्र जांच के लिए लंबित बताये जा रहे हैं। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक के पहुंचे ही मौके पर कर्मचारियों में अफरातफरी मच गयी तथा शिकायत लेकर पहुंचे फरियादियों को त्वरित न्याय की आस जाग गयी।जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने लगभग आधे घंटे की जनसुनवाई की। इस दौरान बसखारी निवासी संजय व अजय पुत्र सुभाष पांडेय ने अपनी सौतेली मां पर जमीन बेचने का आरोप लगाया। जिस पर जिलाधिकारी ने शिकायत के बारे में पूरी जानकारी कर दोनों लोगों को तत्काल न्यायालय की शरण लेने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व कर्मियों से जन शिकायतों को त्वरित निस्तारित करने के लिए निर्देश किया तो वहीं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने थानाध्यक्ष को गुणवत्ता परक निस्तारण करने तथा अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर शिकंजा कसने के लिए निर्देशित किया। लगभग आधे घंटे जनसुनवाई के बाद अधिकारियों ने थाना परिसर में बन रहे तेरह मंजिल पुलिस बैरक पुलिस का निरीक्षण किया। निरीक्षण में संबंधित ठेकेदार को गुणवत्ता पूर्ण कार्य करने के लिए निर्देशित किया।