जलालपुर, अंबेडकर नगर। जलालपुर विधानसभा क्षेत्र मे स्थित खजूरी बाजार में भीम आर्मी के बैनर को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के उसरहा गांव निवासी राजमन पूर्व सैनिक हैं और आजाद समाज पार्टी के टिकट पर जलालपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। राजमन के मुताबिक, 13 अक्टूबर की रात उन्होंने अपने समर्थकों के माध्यम से खजूरी बाजार में पार्टी का बैनर लगवाया था। आरोप है कि 15 अक्टूबर को लल्लू यादव ने बैनर फाड़ दिया। खजूरी बाजार में राजमन की रिश्तेदारी भी है। बैनर फाड़ने का विरोध करने पर लल्लू यादव अपने पुत्र को बुलाकर उनके रिश्तेदार उदयभान से विवाद करने लगे। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे संजय, पिंटू शर्मा, सतीश कुमार और शिवा के साथ जातिसूचक गालियों का इस्तेमाल करते हुए मारपीट की गई। इस मामले में पुलिस ने लल्लू यादव और उनके पुत्र के खिलाफ अनुसूचित जाति सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
वहीं, मालीपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर उमरान निवासी लल्लू यादव ने भी पुलिस को तहरीर देकर दूसरे पक्ष पर मारपीट का आरोप लगाया है। लल्लू यादव के अनुसार, वह भाजपा कार्यकर्ता हैं और खजूरी बाजार में पान की दुकान चलाते हैं। 15 अक्टूबर को उनकी दुकान के ऊपर किसी अज्ञात व्यक्ति ने भीम आर्मी का पोस्टर लगा दिया था। शाम करीब चार बजे पोस्टर देखने के बाद वह उसे उतारने लगे। इसी दौरान आरोप है कि उदयराज, शुभम, सूरज, शिवा, पप्पू, गोविंद, अलगू और अलगू की पत्नी जिगर निवासी खजूरी करौंदी थाना मालीपुर तथा संजय निवासी सैदपुर उमरान अपने 15 से 20 समर्थकों के साथ लाठी-डंडे लेकर उनकी दुकान पर पहुंच गए।
लल्लू यादव का आरोप है कि उक्त लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान बाजार से सब्जी लेकर जा रहे उनके पुत्र जितेंद्र ने उन्हें बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे उसे काफी चोटें आईं। मारपीट के दौरान उसका ब्रेसलेट भी कहीं गिर गया।
मालीपुर थाना अध्यक्ष अनुज कुमार पाल ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।