Tuesday, October 13, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याचौक से नाका तक जर्जर सड़क से श्रद्धालु परेशान, केन्द्रीय समिति ने...

चौक से नाका तक जर्जर सड़क से श्रद्धालु परेशान, केन्द्रीय समिति ने जताया आक्रोश


अयोध्या । शारदीय नवरात्र के बीच चौक से नाका मार्ग की जर्जर हालत को लेकर दुर्गा पूजा समितियों में नाराजगी बढ़ रही है। सड़क की बदहाल स्थिति का जायजा लेने के लिए सोमवार देर शाम अपर जिलाधिकारी नगर दिनेश, अपर पुलिस अधीक्षक नगर चक्रपाणि त्रिपाठी और केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने चौक से फतेहगंज तक निरीक्षण किया।

केंद्रीय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने कहा कि नगर के अधिकांश पूजा पंडालों में मां भगवती की आराधना शुरू हो चुकी है। दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु निकल रहे हैं, लेकिन सड़क की जर्जर हालत के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि बदहाल सड़क के चलते कई श्रद्धालु चोटिल हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अगले दो-तीन दिनों में इसी मार्ग से लाखों श्रद्धालुओं का पैदल आवागमन होगा। मां भगवती और प्रभु श्रीराम की भव्य शोभायात्रा भी इसी रास्ते से निकलेगी। इसके बावजूद जल निगम, जलकल और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी बार-बार ध्यान दिलाए जाने के बाद भी सड़क की स्थिति सुधारने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठा रहे हैं।

मनोज जायसवाल ने बताया कि केंद्रीय समिति की ओर से कई बार उच्चाधिकारियों को भी समस्या से अवगत कराया गया है, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इससे दुर्गा पूजा समितियों के कार्यकर्ताओं में असंतोष है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सड़क की बदहाली के कारण कोई हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग के अधिकारियों की होगी।

निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट संजीव उपाध्याय, क्षेत्राधिकारी नगर श्रीयश त्रिपाठी, नगर कोतवाल मनोज शर्मा, केंद्रीय समिति के संयोजक गगन जायसवाल, जल निगम प्रभारी अखिलेश पाठक, अतुल सिंह, केशव बिगुलर, रोहिताश्व चंद्र राजू, अंकुश गुप्ता, जनार्दन पांडे, रंजीत शर्मा, अंश गुप्ता सहित जल निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments